नई दिल्ली। भारत इस समय अमेरिका, यूरोपीय संघ और करीब 50 अन्य देशों व समूहों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) पर सक्रिय रूप से बातचीत कर रहा है। यह जानकारी वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने फिक्की की वार्षिक आम बैठक में दी। उन्होंने कहा कि भारत इन समझौतों के माध्यम से अपने भरोसेमंद व्यापारिक साझेदारों के साथ सहयोग को मजबूत कर रहा है।
गोयल ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में व्यापार को अक्सर राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे समय में विश्वसनीय साझेदारों का महत्व और भी बढ़ गया है।
वाणिज्य मंत्री ने बताया कि भारत ओमान के साथ व्यापार समझौते पर वार्ता कर रहा है, जबकि बहरीन और कतर भी इस समझौते में शामिल होने के इच्छुक हैं। इसके अलावा, खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के छह देशों के समूह के साथ भी बातचीत चल रही है। भारत न्यूजीलैंड, अमेरिका और यूरोपीय संघ (27 देशों) के साथ सक्रिय रूप से समझौते पर विचार-विमर्श कर रहा है।
इसके साथ ही, पुरानी एफटीए संधियों का भी पुनर्मूल्यांकन किया जा रहा है, जैसे आसियान और दक्षिण कोरिया के साथ हुए समझौते, ताकि संतुलन और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। मंत्री ने कहा कि यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन (EAEU) के साथ हाल ही में वार्ता शुरू हुई है और जल्द ही इस्राइल के साथ भी बातचीत की प्रक्रिया शुरू होगी।
कनाडा के साथ भारत-सीईपीए पर अगले सप्ताह चर्चा आगे बढ़ाएगा। इसके अलावा, दक्षिण अफ्रीका सीमा शुल्क संघ (SACU) और मर्कोसुर समूह ने भी भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौतों में रुचि दिखाई है।
गोयल ने स्पष्ट किया कि भारत वैश्विक स्तर पर अपने व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करते हुए, संतुलित और दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग पर ध्यान दे रहा है।