नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके में रविवार शाम एक मकान ढहने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में कुछ लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना दिल्ली अग्निशमन सेवा को शाम करीब 7:44 बजे मिली, जिसके बाद तुरंत राहत एवं बचाव दल को मौके पर रवाना किया गया। कुछ ही देर में दमकल की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी की गई।
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल घटनास्थल पर स्थिति का आकलन किया जा रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मलबे में कितने लोग फंसे हो सकते हैं। राहत कार्य तेजी से जारी है।
फायर सर्विस की ओर से बताया गया है कि जैसे-जैसे बचाव अभियान आगे बढ़ेगा, विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।