मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिला। सोमवार को बाजार की शुरुआत भले ही तेजी के साथ हुई हो, लेकिन अंत में प्रमुख सूचकांक लाल निशान पर बंद हुए।

सेंसेक्स 508.40 अंक यानी 0.67 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,267.34 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 165.16 अंक (0.70 प्रतिशत) टूटकर 23,382.60 के स्तर पर पहुंच गया। डॉलर के मुकाबले रुपया भी 12 पैसे कमजोर होकर 94.97 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

कई प्रमुख शेयरों में बिकवाली का दबाव

कारोबारी सत्र के दौरान एचयूएल और श्रीराम फाइनेंस जैसे बड़े शेयरों में करीब 3 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। एनएसई पर कुल 2,201 शेयरों में गिरावट देखने को मिली, जबकि 1,151 शेयरों में बढ़त रही। 99 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ।

वैश्विक संकेतों और बिकवाली का असर

विश्लेषकों के अनुसार बाजार में आई यह कमजोरी वैश्विक घटनाक्रमों से जुड़ी अनिश्चितता के कारण रही। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव को लेकर लगातार आ रहे अपडेट्स ने कच्चे तेल की कीमतों पर असर डाला, जिससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी ने भी बाजार पर दबाव बनाए रखा, जिससे कारोबारी माहौल कमजोर रहा।

बाजार में अस्थिरता जारी रहने के संकेत

विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक तनाव और विदेशी निवेश प्रवाह में उतार-चढ़ाव के चलते आने वाले दिनों में भी बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है।