प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मेरठ के मोदीपुरम से दिल्ली के सराय काले खां तक रैपिड ट्रेन और तीव्र गति वाली मैट्रो का लोकार्पण कर पश्चिमी उत्तर प्रदेशवासियों को अनूठी सौगात प्रदान की। मोदीपुरम से सराय काले खां की 82 किलोमीटर की दूरी रैपिड रेल 55 मिनट में तय करेगी इसी के साथ प्रधानमंत्री ने दक्षिण मेरठ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर तक मैट्रो सेवा को भी हरी झंडी दिखा कर जोड़ा ।

इस प्रकार मेरठ साउथ, शताब्दीनगर, बेगम पुल तथा मोदीपुरम मेरठ उत्तर, डोरली, एम.ई.एस. कॉलोनी, भैसाली, मेरठ मध्य, ब्रह्मपुरी, रिठानी, परतापुर, रैपिड ट्रेन व मैट्रो से जुड़ जाएंगे। नमो भारत ट्रेन की गति 180 कि.मी प्रति घंटा तथा मैट्रो की 130 कि.मी प्रतिघंटा होगी। प्रत्येक 10 मिनट में ट्रेन व मैट्रो वाहन उपलब्ध होगा यानी यात्रियों को 10 मिनट से अधिक समय तक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी। वाहन कार्बन उत्सर्जन एवं वायु प्रदूषण से मुक्त होंगे। 12,930 करोड़ रुपये की इन परिवहन परियोजनाओं से प्रतिदिन लाखों यात्री सफर करेंगे। वाहनों तथा स्टेशनों पर स्ट्रेचर तथा व्हीलचेयर भी उपलब्ध होंगे।

इस प्रकार न केवल मेरठवासियों को,  वरन् पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करोड़ों लोगों को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक जाने-आने की सुविधा उपलब्ध हो गई है। रैपिड रेल तथा मैट्रो को प्रगति का वाहन कहना सार्थक है। इनसे रोजगार, उद्योग, शिक्षा स्वास्थ्य हर क्षेत्र को लाभ पहुंचेगा और प्रगति के नये द्वार खुलेंगे। निश्चित ही केन्द्र तथा राज्य सरकारें इन परियोजनाओं के लिए प्रशंसा की पात्र हैं।

गोविंद वर्मा
संपादक 'देहात'