एक्ट्रेस अदा शर्मा के परिवार में आज दुःख की लहर दौड़ गई, जब उनकी दादी का निधन हो गया। लंबे समय से बीमार चल रही उनकी दादी पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थीं। जानकारी के अनुसार, उन्हें अल्सरेटिव कोलाइटिस और डायवर्टीकुलिटिस की गंभीर समस्या थी। आज सुबह इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

अदा शर्मा अपनी दादी के बेहद करीब थीं और उन्हें प्यार से 'पाती' बुलाती थीं। अभिनेत्री अक्सर अपनी दादी के साथ बिताए गए पलों के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करती थीं। इन वीडियो में 'पार्टी विद पाती' जैसी क्लिप्स भी शामिल थीं, जो उनके फैंस के लिए खास होती थीं।

करीब दो महीने पहले अदा ने अपनी दादी का जन्मदिन परिवार और दोस्तों के साथ मनाया था। उन्होंने उस दिन की कुछ यादगार तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किए थे, जिसमें उन्होंने लिखा था कि जन्मदिन पार्टी की शूटिंग करते हुए वह कितनी खुश थीं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो अदा शर्मा ने 2023 में रिलीज हुई फिल्म 'द केरल स्टोरी' से खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद वह तेलुगु फिल्म 'सीडी: क्रिमिनल ऑर डेविल' में भी नजर आईं और जल्द ही फिल्म 'तुमको मेरी कसम' में दिखाई देंगी।