मुजफ्फरपुर में घरेलू गैस की किल्लत से नाराज उपभोक्ताओं ने गुरुवार को जिला प्रशासन के सामने अपनी असंतोष जाहिर किया। कई लोग खाली गैस सिलेंडर लेकर सीधे जिलाधिकारी सुब्रत सेन के आवास और समाहरणालय परिसर पहुंचे। उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी के वितरक पर मनमानी और कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

उपभोक्ताओं की शिकायत
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन लगातार यह दावा कर रहा है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन एजेंसियों की ढीली व्यवस्था के कारण समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने तीन-चार दिन पहले नंबर भी लगाया था, फिर भी सिलेंडर नहीं मिला और बार-बार उन्हें एजेंसी से लौटा दिया गया।

गुरुवार सुबह से ही कई लोग एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े थे। घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर न मिलने पर उनका गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं और वास्तविक ग्राहकों को परेशान किया जा रहा है। समाधान न मिलने पर लोग जिला समाहरणालय पहुंचे और वरीय अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की।

प्रशासन का रुख
एडीएम पूर्वी तुषार कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में पर्याप्त गैस स्टॉक मौजूद है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने टोल-फ्री नंबर भी जारी किया है, जिससे उपभोक्ता किसी भी परेशानी की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखी जा रही है और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी बताया कि गैस वितरण OTP और फर्स्ट-कम-फर्स्ट-सर्व के आधार पर हो रहा है और किसी भी उपभोक्ता को खाली हाथ लौटने नहीं दिया जाएगा।

उपभोक्ता प्रतिक्रिया
राजकुमार नामक उपभोक्ता ने कहा कि कई दिनों से घरेलू गैस के लिए भटक रहे हैं और उनका आरोप है कि एजेंसी वाले सिलेंडर ब्लैक में बेच रहे हैं। यही वजह है कि वे डीएम कार्यालय तक शिकायत लेकर पहुंचे हैं।