अभिनेता एजाज खान द्वारा होस्ट किए जा रहे रियलिटी शो ‘हाउस अरेस्ट’ को लेकर विवाद और तेज हो गया है। उल्लू ऐप पर स्ट्रीम हो रहे इस शो की एक क्लिप के वायरल होने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने सख्त कदम उठाया है। आयोग ने शो में आपत्तिजनक सामग्री और महिलाओं के साथ अनुचित व्यवहार के आरोपों पर संज्ञान लेते हुए एजाज खान और उल्लू ऐप के सीईओ विभु अग्रवाल को समन जारी किया है। दोनों को 9 मई को पेश होने का निर्देश दिया गया है।

वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद

विवाद की शुरुआत उस वीडियो क्लिप से हुई जिसमें कथित रूप से महिलाओं को आपत्तिजनक और निजी टास्क करने के लिए मजबूर किया गया था। इस क्लिप के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर नाराजगी की लहर दौड़ गई। NCW ने कहा है कि वीडियो में सहमति की अनदेखी की गई है और यह महिलाओं के सम्मान और सामाजिक नैतिकता दोनों के खिलाफ है।

राजनीतिक स्तर पर भी उठा मामला

इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने इसे संसद की स्थायी समिति के समक्ष उठाया है। वहीं, बीजेपी युवा मोर्चा के बिहार प्रभारी बरुण राज सिंह ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। बढ़ते दबाव को देखते हुए उल्लू ऐप ने फिलहाल शो के सभी एपिसोड अपने प्लेटफॉर्म से हटा लिए हैं।

एजाज खान का विवादों से पुराना नाता

‘हाउस अरेस्ट’ के होस्ट एजाज खान पहले भी विवादों में रह चुके हैं। 2021 में उन्हें मादक पदार्थ मामले में गिरफ्तार कर 26 महीने जेल में रहना पड़ा था। इसके अलावा, उन पर भड़काऊ बयान देने, अश्लील संदेश भेजने और आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने जैसे आरोप भी लग चुके हैं।