रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही तहलका मचा दिया है। दर्शकों की जबरदस्त भीड़ और लगातार बढ़ते कलेक्शन ने साबित कर दिया कि इस समय रणवीर सिंह ही बॉक्स ऑफिस के असली ‘धुरंधर’ हैं। फिल्म हर दिन औसतन 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर रही है और इसे देखने के लिए सिनेमाघरों में लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगी हैं।
पहले पार्ट की तुलना में इस बार फिल्म को शानदार शुरुआत मिली है। रिलीज से पहले ही पेड प्रिव्यू में फिल्म ने 40 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली थी। अब बॉक्स ऑफिस पर इसके आंकड़े और भी चौंकाने वाले हैं।
तीन दिन में कमाई का रेकॉर्ड
‘धुरंधर 2’ ने पहले दिन 102.55 करोड़ रुपये कमाए। दूसरे दिन थोड़ी गिरावट आई और फिल्म ने 80.72 करोड़ की कमाई की। लेकिन तीसरे दिन फिल्म ने फिर से धमाका करते हुए 113 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो किसी भी फिल्म के लिए किसी एक दिन का रिकॉर्ड माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में रिलीज के पहले तीन दिनों में फिल्म ने कुल 339.27 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन
वैश्विक स्तर पर भी ‘धुरंधर 2’ का जलवा जारी है। दो दिन में फिल्म ने 370 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी और तीसरे दिन के 113 करोड़ जोड़ने के बाद यह आंकड़ा 483 करोड़ रुपये तक पहुँच गया है। ओवरसीज से अभी तीसरे दिन के आंकड़े आने बाकी हैं। खास बात यह है कि साउथ मार्केट से भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। तेलुगु और तमिल भाषी क्षेत्र से फिल्म ने 7 करोड़ की कमाई की है और यह संख्या भविष्य में और बढ़ सकती है।
स्टार कास्ट और अभिनय की तारीफ
आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म न सिर्फ अपनी स्टोरीलाइन और स्क्रिप्टिंग के लिए सराही जा रही है, बल्कि स्टार कास्ट के अभिनय को भी खूब पसंद किया जा रहा है। रणवीर सिंह ने अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीत लिया है। इसके अलावा अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, राकेश बेदी और आर माधवन के प्रदर्शन को भी खूब सराहा जा रहा है।
‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने बॉक्स ऑफिस पर न केवल शानदार शुरुआत की है, बल्कि अपने तीन दिनों के रिकॉर्ड से यह साफ कर दिया है कि यह फिल्म लंबे समय तक दर्शकों की पसंद बनी रहेगी।