बीते दिनों अभिनेत्री मोनालिसा ने अचानक फरमान खान से शादी कर सबको चौंका दिया था। इस शादी के बाद ही मोनालिसा और फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया। सनोज मिश्रा ने मोनालिसा पर “लव जिहाद” का आरोप लगाया, वहीं मोनालिसा ने भी सनोज पर अनुचित व्यवहार का आरोप लगाया।

परिवार ने सनोज का दिया समर्थन

हाल ही में सनोज मिश्रा को मोनालिसा के परिवार का समर्थन मिला है। गुरुवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें मोनालिसा के माता-पिता दिखाई दिए। वीडियो में मोनालिसा के पिता कहते हुए नजर आए, “हमने कभी मोनालिसा को अकेला नहीं छोड़ा। मैं हर जगह शूटिंग पर उसके साथ रहा। सनोज मिश्रा उसे अपनी बेटी की तरह ही मानते हैं।”

सनोज ने परिवार और धर्म का समर्थन जताया

इस वीडियो को शेयर करते हुए सनोज ने लिखा, “एक आम लड़की को खास बनाने की जिद में मैंने अपने हाथ जला लिए। मेरा प्रयास हमेशा ईमानदार रहा। मोनालिसा के खिलाफ लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने आ चुकी है। उसका परिवार और पारधी समाज हमेशा मेरे साथ है। आगे भी ऐसा ही रहेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि मोनालिसा का परिवार और सनातन धर्म उनके साथ खड़ा है।

मोनालिसा के आरोप

इसके पहले मोनालिसा ने कोच्चि में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सनोज पर कई आरोप लगाए थे। उन्होंने केंद्रीय सरकार और केरल व मध्य प्रदेश की राज्य सरकारों से सुरक्षा की भी मांग की। मोनालिसा ने बताया कि उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। साथ ही कहा कि उनके पोस्टर जलाए जा रहे हैं और उन्हें लोगों से धमकियां दी जा रही हैं।