अलीगढ़। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय ने भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह को क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी (आरएसओ) के पद पर नियुक्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। वर्ष 2015 में सरकार ने अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को सरकारी सेवा में अवसर देने की नीति बनाई थी, जिसमें आरएसओ का पद भी शामिल है।
रिंकू सिंह, जो आईसीसी टी-20 विश्वकप 2026 की विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं, उन्हें इस पद पर नियुक्त करने की संभावना पर सहमति बन चुकी है।
अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं के लिए 24 पद चिन्हित
उत्तर प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं के लिए सीधी भर्ती नियमावली 2022 के तहत अब तक नौ विभागों में कुल 24 पद चिन्हित किए जा चुके हैं। इनमें ओलिंपिक, पैरालिंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेल और कामनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को क, ख और ग श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है।
नई जिम्मेदारी जल्द मिल सकती है
माना जा रहा है कि दो से तीन दिनों में निदेशालय इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर सकता है। इससे पहले रिंकू सिंह को शिक्षा विभाग में बीएसए पद की जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया गया था, लेकिन बाद में यह निर्णय निरस्त कर दिया गया। अब खेल विभाग में उन्हें नई जिम्मेदारी दी जा सकती है।