मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी के साथ करीब 16 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने एक बिजनेसमैन को गिरफ्तार किया है, जबकि बीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने इस केस में बिजनेसमैन निशित पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 19 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। वहीं, बीएमसी के असिस्टेंट कमिश्नर महेश पाटिल का नाम भी जांच में सामने आया है और उन्हें सह-आरोपी बनाया गया है। शुरुआत में यह मामला खार पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ था, लेकिन बाद में इसकी जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।
कैसे सामने आया पूरा मामला
शिकायत के अनुसार, हबीबा जाफरी की मुलाकात महेश पाटिल से बीएमसी कार्यालय में हुई थी। आरोप है कि पाटिल ने उन्हें बांद्रा इलाके के एक रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट में निवेश करने की सलाह दी और निवेश की प्रक्रिया के लिए निशित पटेल से संपर्क करवाया।
आरोप है कि इस दौरान फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार कर निवेश को वैध दिखाने की कोशिश की गई, जिससे भरोसा जीतकर भारी रकम जुटाई गई। इस कथित योजना में जावेद जाफरी, उनके रिश्तेदार नावेद जाफरी और अन्य लोगों से भी निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये लिए गए।
करोड़ों की ठगी का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने चेक, नकद, विदेशी मुद्रा और महंगी घड़ियों के जरिए कुल मिलाकर लगभग 16.24 करोड़ रुपये की राशि इकट्ठा की। बाद में यह रकम निवेशकों को वापस नहीं की गई, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।
जब हबीबा जाफरी को संदेह हुआ तो उन्होंने इस महीने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच जारी, अन्य आरोपी फरार
इस मामले में निशित पटेल और महेश पाटिल के अलावा कुछ अन्य लोगों के नाम भी एफआईआर में शामिल हैं। पुलिस फिलहाल बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।