नई दिल्ली। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने में अश्लीलता और आपत्तिजनक सामग्री को लेकर मीडिया रिपोर्ट्स पर स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले में अभिनेत्री नोरा फतेही, अभिनेता संजय दत्त, गायक रकीब आलम, निर्माता वेंकट के. नारायण और निर्देशक किरण कुमार को आयोग के सामने पेश होने के लिए समन जारी किया है।
आयोग ने कहा मामला गंभीर
राष्ट्रीय महिला आयोग ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पहली नजर में यह गाना यौन उत्तेजक और आपत्तिजनक प्रतीत होता है। आयोग का मानना है कि यह भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और पीओसीएसओ अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन कर सकता है।
आयोग ने सभी संबंधित पक्षों को 24 मार्च, मंगलवार, दोपहर 12:30 बजे दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए कहा है। आयोग ने स्पष्ट किया कि यदि कोई पक्ष समय पर उपस्थित नहीं होता है तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
NHRC ने भी जारी किया नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने इस गाने को लेकर केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC), इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और गूगल इंडिया को नोटिस भेजा है।
‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने पर विवाद
यह गाना आगामी फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का है। गाने में नोरा फतेही और संजय दत्त की मौजूदगी के कारण इसे लेकर सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना हुई। विवाद बढ़ने के बाद निर्माताओं ने इसे यूट्यूब से हटा दिया।
गाने को मंगली ने गाया है, इसके बोल रकीब आलम ने लिखे हैं और संगीत अर्जुन जन्या ने तैयार किया है।