नई दिल्ली। फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म में उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। रिलीज के बाद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की है, लेकिन इसके साथ ही यह कई विवादों में भी घिर गई है। अब फिल्म की अभिनेत्री उल्का गुप्ता ने इन मुद्दों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है।
क्या उल्का ने फिल्म में रेड मीट खाया?
फिल्म की कहानी देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाली तीन युवतियों सुरेखा (उल्का गुप्ता), नेहा (ऐश्वर्या ओझा) और दिव्या (अदिति भाटिया) के इर्द-गिर्द घूमती है। कथानक के अनुसार, ये लड़कियां प्रेम संबंधों के बाद धर्म परिवर्तन के दबाव का सामना करती हैं और उन्हें जबरन रेड मीट खाने के लिए भी मजबूर किया जाता है।
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उल्का गुप्ता से पूछा गया कि क्या फिल्म के उस सीन के लिए उन्होंने सच में रेड मीट खाया था। इस पर अभिनेत्री ने साफ कहा कि उन्होंने ऐसा नहीं किया।
वेजिटेरियन होने की बात कही
फिल्मीज्ञान को दिए इंटरव्यू में उल्का ने बताया, “मैं शाकाहारी हूं, इसलिए रेड मीट खाने का सवाल ही नहीं उठता। मुझे समझ नहीं आता कि लोग ऐसा क्यों सोचते हैं कि मैंने रियल दिखाने के लिए मीट खाया होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि एक अभिनेता के तौर पर अभिनय के जरिए ही सीन को प्रभावी बनाया जा सकता है। “अगर उस सीन में मुझे हवा भी खाने के लिए कहा जाता, तो भी मैं उतनी ही ईमानदारी से उसे निभाती।”
फिल्म को लेकर ट्रोलिंग और धमकियां
उल्का ने यह भी बताया कि फिल्म के ट्रेलर रिलीज होने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया। इतना ही नहीं, उनके पिता को भी धमकियां मिलने लगीं।
उन्होंने कहा, “लोग सवाल करने लगे कि मुझे इस भूमिका के लिए कितने पैसे मिले और आरोप लगाने लगे कि मैं नफरत फैलाने वाली फिल्म का हिस्सा हूं।”
पिता को भी मिली धमकी
अभिनेत्री के मुताबिक, उनके पिता ने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर फोन नंबर साझा किया हुआ था ताकि काम से जुड़े लोग उनसे संपर्क कर सकें। लेकिन ट्रेलर आने के बाद उसी नंबर पर धमकी भरे कॉल आने लगे।
उल्का ने बताया कि उनके पिता लोगों को समझाते रहे कि यह सिर्फ एक फिल्म का किरदार है और एक कलाकार को अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभानी पड़ती हैं।