नई दिल्ली। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को एक शिया मस्जिद में भयंकर धमाका हुआ, जिसमें कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

घटना फेडरल कैपिटल के शहजाद टाउन इलाके में स्थित तरलाई इमामबाड़े में हुई। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई लोगों के अंग अलग हो गए और मलबा सड़क पर बिखर गया। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में शवों का ढेर देखा गया।

फिदायीन हमले का शक
स्थानीय अधिकारियों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला जुमे की नमाज के दौरान हुआ और इसे फिदायीन हमला बताया जा रहा है। पुलिस और रेस्क्यू 1122 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।

अस्पतालों में इमरजेंसी
फेडरल कैपिटल के पॉलीक्लिनिक, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और CDA अस्पताल में इमरजेंसी लागू कर दी गई है। PIMS के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने घायल मरीजों के इलाज की पूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का संदेश
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस हमले की कड़ी निंदा की और शोक व्यक्त किया। उनके अनुसार, यह हमला पूरी मानवता के खिलाफ है।

धमाके का असर
ब्लास्ट से मस्जिद के गेट और आसपास की इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा। पास की इमारतों की खिड़कियां टूट गईं और धमाके के मलबे से सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।