तेहरान: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इस्राइली रक्षा बल ने दावा किया है कि उसने तेहरान में स्थित एक भूमिगत बंकर को हवाई हमले में नष्ट कर दिया। सेना के अनुसार यह बंकर अयातुल्ला अली खामेनेई के लिए तैयार किया गया था और शहर की मुख्य सड़कों के नीचे गहराई में बनाया गया था।

इस्राइली सेना का कहना है कि इस ऑपरेशन में करीब 50 लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया। बंकर में बैठक कक्षों के साथ कई सुरक्षा व्यवस्थाएं मौजूद थीं। सेना ने यह भी दावा किया कि खामेनेई की हत्या के बाद भी इस स्थान का उपयोग वरिष्ठ अधिकारियों की बैठकों के लिए किया जा रहा था।

सेना ने हमले से जुड़ा एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें बंकर परिसर पर बमबारी और उसके बाद हुए नुकसान के दृश्य दिखाए गए हैं। बयान में कहा गया कि मध्य तेहरान के नीचे फैले इस परिसर को पूरी तरह तबाह कर दिया गया है।

इधर, इस्राइली रक्षा बल ने ईरान के शहर कोम के एक औद्योगिक इलाके के लोगों को तुरंत वहां से निकल जाने की चेतावनी दी है। सेना ने अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर कोम के शोकोहियेह औद्योगिक क्षेत्र का नक्शा साझा किया और लाल रेखाओं से चिह्नित हिस्से को खतरे वाला क्षेत्र बताया। सेना के मुताबिक अगले कुछ घंटों में वहां सैन्य कार्रवाई हो सकती है और उस क्षेत्र में रहना जानलेवा साबित हो सकता है।

वहीं, ईरान की ओर से इस मामले में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने कहा कि अमेरिका और इस्राइल ने तेहरान में स्थित एक प्राथमिक विद्यालय को भी निशाना बनाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि यह हमला निलोफर स्क्वायर इलाके के एक स्कूल पर हुआ, जहां कक्षाओं की खिड़कियां टूट गईं और अंदर मलबा फैल गया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक किसी के घायल या मारे जाने की सूचना नहीं है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ती टकराव की स्थिति क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। उनका कहना है कि ऐसे हमलों से दोनों देशों के बीच जमीनी, हवाई और साइबर स्तर पर संघर्ष और तेज हो सकता है।