जम्मू-कश्मीर को लेकर पाकिस्तान चाहे कितनी भी बयानबाजी करे या अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भ्रम फैलाने की कोशिश करे, लेकिन वैश्विक स्तर पर हकीकत साफ है। इसी दिशा में अमेरिका की ओर से एक अहम संकेत सामने आया है, जिसे पाकिस्तान के दावों को झटका माना जा रहा है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने हाल ही में भारत का एक आधिकारिक नक्शा साझा किया है, जिसमें जम्मू और कश्मीर को साफ तौर पर भारत के अभिन्न हिस्से के रूप में दर्शाया गया है।

व्यापार समझौते के बाद साझा हुआ ग्राफिक
भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की रूपरेखा तय होने के बाद USTR ने एक ग्राफिक जारी किया। इस ग्राफिक में भारत का नक्शा शामिल है, जिसमें देश की सीमाओं को स्पष्ट रूप से रेखांकित किया गया है। खास बात यह है कि इसमें उत्तरी केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर को भारत के क्षेत्र में दिखाया गया है। नक्शे में पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले क्षेत्र, यानी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर का भी उल्लेख भारत के हिस्से के तौर पर किया गया है।


अमेरिकी कार्यालय की ओर से साझा की गई इस सामग्री का उद्देश्य भले ही व्यापार और बाजार पहुंच से जुड़ी जानकारी देना रहा हो, लेकिन नक्शे को लेकर इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। इसे पाकिस्तान द्वारा लंबे समय से चलाए जा रहे प्रोपेगैंडा के खिलाफ एक स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह का प्रस्तुतीकरण यह दिखाता है कि जम्मू-कश्मीर को लेकर भारत की स्थिति को प्रमुख वैश्विक ताकतें किस तरह देखती हैं।