फुकेट (थाईलैंड)। एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान AXB938, जो हैदराबाद से फुकेट की ओर उड़ान भर रहा था, ने हवाई अड्डे पर अचानक हार्ड लैंडिंग की। निर्धारित समय से पहले यानी सुबह 11:24 बजे विमान रनवे पर उतरा, जबकि इसकी तय लैंडिंग टाइमिंग 11:40 थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, लैंडिंग के दौरान विमान के लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा है।
विमान में चालक दल के सात सदस्य, 131 यात्री और दो शिशु सवार थे। लैंडिंग के समय विमान की गति सामान्य से अधिक थी, जिससे लैंडिंग गियर और सामने वाले हिस्से में नुकसान हुआ। हालांकि राहत की बात यह है कि किसी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।
विमान का मॉडल बोइंग 737-800 है और इसकी पंजीकरण संख्या VT-BWQ है। फुकेट एयरपोर्ट अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने एयरमैन नोटिस (NOTAM) जारी करते हुए रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। यह बंदी 12:08 बजे से शाम 6 बजे तक लागू रहेगी।
हार्ड लैंडिंग क्या होती है?
सामान्य लैंडिंग में विमान की गति और जमीन से टकराने का दबाव विमान के डिजाइन अनुसार होता है। वहीं हार्ड लैंडिंग में विमान तेज गति से जमीन से टकराता है, जिससे एयरक्राफ्ट का लैंडिंग गियर और अन्य हिस्से अधिक दबाव झेलते हैं और नुकसान होने की संभावना बढ़ जाती है।