एयर इंडिया ने रविवार को शंघाई और नई दिल्ली के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू कर दी है, जिससे दोनों महानगरों के बीच लगभग छह वर्षों बाद हवाई संपर्क फिर से बहाल हो गया। शंघाई के पुडोंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली उड़ान बोइंग 787 ड्रीमलाइनर के जरिए रवाना हुई, जिसमें 230 से अधिक यात्री सवार थे। इसकी जानकारी शंघाई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने दी।

पूर्वी लद्दाख की गलवां घाटी में 2020 में हुए सैन्य टकराव के बाद भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानों को रोक दिया गया था। अब एयर इंडिया की इस नई पहल को दोनों देशों के बीच हवाई यातायात को सामान्य करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

शंघाई में भारत के महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर ने पहली उड़ान के यात्रियों को रवाना करते हुए कहा कि सीधी हवाई सेवाओं की वापसी भारत-चीन संबंधों में सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क को नई गति मिलेगी, खासकर भारत और पूर्वी चीन के बीच।

महावाणिज्य दूतावास के अनुसार, एयर इंडिया इस रूट पर सप्ताह में चार बार बोइंग 787-8 विमानों से उड़ानें संचालित करेगी। इन विमानों में आधुनिक केबिन और बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह सेवा दोनों देशों के बीच बढ़ती यात्रा मांग और सीमा-पार आवाजाही में धीरे-धीरे आ रही तेजी को दर्शाती है। इससे चीन के यांग्त्जे रिवर डेल्टा जैसे प्रमुख आर्थिक क्षेत्र और भारत के बीच वाणिज्यिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह निवेश, पर्यटन, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने वाले प्रयासों का समर्थन करता रहेगा।

गौरतलब है कि भारत और चीन ने पिछले साल अक्टूबर में विभिन्न शहरों के बीच उड़ान सेवाएं फिर से शुरू करने का फैसला लिया था। इसी क्रम में इंडिगो ने नवंबर 2025 में कोलकाता-ग्वांगझू और दिल्ली-ग्वांगझू रूट पर उड़ानें शुरू की थीं, जबकि चाइना ईस्टर्न ने शंघाई-दिल्ली सेवा को भी नवंबर में बहाल किया था।