तेल अवीव। इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजमिन नेतन्याहू की हत्या को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच उनके एक्स अकाउंट पर एक नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में नेतन्याहू को एक कॉफी शॉप में बैठे, बातचीत करते और कॉफी पीते हुए दिखाया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि ये सभी खबरें फर्जी हैं और प्रधानमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
अफवाहों की शुरुआत कैसे हुई?
सोशल मीडिया पर ये दावे उस समय तेज़ी से फैलने लगे जब नेतन्याहू ने शुक्रवार को अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो साझा किया। कुछ यूजर्स ने कहा कि यह वीडियो असली नहीं बल्कि एआई द्वारा तैयार किया गया है। उनका दावा था कि वीडियो में नेतन्याहू के दाहिने हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही हैं, जिसे उन्होंने एआई वीडियो की पहचान बताया।
विशेष रूप से वीडियो के 0:35 सेकेंड वाले हिस्से को लेकर यह दावा किया गया कि उनकी छोटी उंगली के पास एक अतिरिक्त हिस्सा नजर आ रहा है। अमेरिकी राजनीतिक टिप्पणीकार कैंडिस ओवेन्स ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सवाल उठाते हुए लिखा, “बीबी कहां हैं?” और पूछा कि प्रधानमंत्री कार्यालय एआई वीडियो क्यों जारी कर रहा है।
एआई चैटबॉट ने किया सत्यापन
हालांकि, एक्स के एआई चैटबॉट ग्रोक ने इस दावे की जांच की और स्पष्ट किया कि नेतन्याहू के हाथ में केवल पांच-पांच उंगलियां हैं। वीडियो में दिखाई देने वाला अतिरिक्त हिस्सा हाथ के कोण, छाया या हथेली की बनावट के कारण ऑप्टिकल इल्यूजन है।
पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव
इस अफवाह के पीछे क्षेत्रीय तनाव भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है। 28 फरवरी से पश्चिम एशिया में स्थिति गंभीर हो गई थी, जब इस्राइल और अमेरिका ने मिलकर ईरान पर हमले शुरू किए। संघर्ष के पहले दिन ही ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर आई। इसके बाद ईरान ने पास के तेल निर्यात करने वाले क्षेत्रों पर जवाबी हमले किए और होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया।
इस बढ़ते तनाव के बीच सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों ने लोगों में भ्रम और चिंता को और बढ़ा दिया है, जबकि अधिकारियों ने बार-बार कहा है कि प्रधानमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।