नोएडा। श्रमिकों के वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहा प्रदर्शन मंगलवार को पांचवें दिन में पहुंच गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, हालांकि बीच-बीच में हल्की झड़पों की सूचनाएं भी सामने आ रही हैं।

प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है, लेकिन इसके बावजूद कुछ स्थानों पर तनाव की स्थिति बनी रही।

सेक्टर-121 और फेज-2 में तनाव

जानकारी के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर-121 और फेस-2 इलाके में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा हिंसा और पथराव जैसी घटनाएं की गईं। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया और इलाकों को खाली करा लिया।

फिर भड़की झड़प, पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूत्रों के अनुसार, बीते दिन हुए प्रदर्शन के बाद मंगलवार को एक बार फिर फेस-2 क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा हुआ और कुछ देर के लिए पथराव की घटना भी हुई।

हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिसके बाद भीड़ को मौके से हटाकर स्थिति को काबू में किया गया।