अर्जेंटीना में एक फुटबॉल मैच के दौरान भगदड़ मचने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. समाचार एजेंसी एएफपी ने एक अधिकारी के हवाले से शुक्रवार को यह जानकारी दी. ऐसी ही एक घटना कुछ दिनों पहले इंडोनेशिया में हुई थी, जहां एक फुटबॉल स्टेडियम में एक मैच के अंत में भड़की हिंसा के बाद उसके (स्टेडयिम के) द्वार खोलने में देर होने के चलते यह एक त्रासदी में तब्दील हो गई, जिसमें कम से कम 131 लोगों की मौत हो गई थी.

अधिकारियों ने कहा कि गुरुवार को ब्यूनस आयर्स में बोका जूनियर्स और गिम्नासिया वाई एस्ग्रीमा के बीच फुटबॉल मैच के दौरान स्टेडियम में हिंसा फैलने एक व्यक्ति की मौत हो गई. ब्यूनस आयर्स प्रांत के सुरक्षा मंत्री सर्जियो बर्नी ने भी एक व्यक्ति के मौत की पुष्टि की है. उन्होंने कहा, ‘मैं इस बात की पुष्टि कर सकता हूं कि एक व्यक्ति की मौत हुई है. इस व्यक्ति की मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई.’