मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) के दूसरे दिन मुजफ्फरनगर में एक परीक्षा केंद्र पर उस समय हलचल मच गई, जब एक छात्रा की OMR शीट की ट्रेजरी कॉपी (दूसरी प्रति) गायब होने की सूचना सामने आई। इस घटना से कुछ देर के लिए परीक्षा केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में मामला

यह पूरा मामला नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का है। दूसरी पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद करीब 5:30 बजे यह जानकारी सामने आते ही केंद्र पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बिर्जेश कुमार शर्मा और आबकारी चौकी शिव चौक के इंचार्ज शशि कपूर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

जांच में सामने आया असली कारण

परीक्षा के बाद बाहर निकल रहे अभ्यर्थियों को कुछ समय के लिए रोक दिया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई गोपनीय दस्तावेज केंद्र से बाहर न गया हो।

इसके बाद सभी OMR शीटों और उनकी ट्रेजरी कॉपियों की दोबारा जांच की गई। जांच में पाया गया कि संबंधित छात्रा की मुख्य OMR शीट और दूसरी कॉपी आपस में चिपकी हुई थीं, जिसके कारण भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी।

जांच के बाद मिली राहत

स्थिति स्पष्ट होने के बाद परीक्षा अधिकारियों और पुलिस ने राहत की सांस ली। एहतियात के तौर पर छात्रा से संपर्क करने की भी कोशिश की गई, लेकिन दोबारा जांच में मामला साफ हो जाने के बाद इसकी आवश्यकता नहीं पड़ी।


पुलिस और प्रशासन की तत्परता से यह मामला कुछ ही समय में शांत हो गया।

UPTET परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न

इधर, जिले में दूसरे दिन भी UPTET परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और नकलविहीन माहौल में संपन्न हुई। पहली पाली में 5,921 अभ्यर्थियों में से 5,342 उपस्थित रहे, जबकि 579 अनुपस्थित रहे।

दूसरी पाली में 5,483 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 438 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था सख्त रही।