पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत से एक बड़ा दावा सामने आया है। प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने कहा है कि उसने पाकिस्तान एयरपोर्ट सिक्योरिटी फोर्स (ASF) के एक वरिष्ठ अधिकारी को पकड़ लिया है।

संगठन के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि यह कार्रवाई कलात जिले के मुख्य राजमार्ग पर की गई। उनके अनुसार, पकड़े गए अधिकारी की पहचान वसीम अहमद के रूप में हुई है, जो एयरपोर्ट सिक्योरिटी फोर्स में डिप्टी डायरेक्टर और कमांडिंग ऑफिसर के पद पर तैनात थे और पाकिस्तान रक्षा मंत्रालय के अधीन काम कर रहे थे।

BLA का दावा

बीएलए प्रवक्ता ने दावा किया कि संगठन की खुफिया इकाई ‘जिराब’ से मिली जानकारी के आधार पर यह ऑपरेशन अंजाम दिया गया। बयान में कहा गया कि वसीम अहमद अब संगठन की हिरासत में हैं। बीएलए ने इस घटना को अपने सशस्त्र संघर्ष में एक महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

पाकिस्तानी पक्ष की प्रतिक्रिया नहीं

फिलहाल पाकिस्तान के रक्षा मंत्रालय, एयरपोर्ट सिक्योरिटी फोर्स या बलूचिस्तान सरकार की ओर से इस दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

कलात जिला पहले से ही संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, जहां बीएलए और अन्य अलगाववादी संगठन सक्रिय रहते हैं। हाल के महीनों में इस इलाके में सुरक्षा बलों और विदेशी परियोजनाओं को निशाना बनाए जाने की घटनाएं भी बढ़ी हैं।