अमेरिका रक्षा विभाग की हालिया वार्षिक रिपोर्ट में चीन-भारत संबंधों का जिक्र किए जाने पर चीन के विदेश मंत्रालय ने कड़ा विरोध जताया है। रिपोर्ट में कहा गया था कि चीन संभवतः एलएसी पर हाल ही में कम हुए तनाव का फायदा उठाकर भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना चाहता है।
चीन ने इस दावे को खारिज करते हुए अमेरिका पर अपने रक्षा नीति का गलत ढंग से प्रस्तुतीकरण करने का आरोप लगाया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने प्रेस ब्रीफिंग में स्पष्ट किया कि सीमा विवाद केवल भारत और चीन के बीच का मामला है और किसी भी अन्य देश को इस मुद्दे में हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है।
रॉयटर्स के अनुसार, जब उनसे पूछा गया कि क्या चीन अमेरिका और भारत के बीच रिश्तों को गहरा होने से रोकने के लिए हालिया तनाव में सुधार का फायदा उठा सकता है, तो प्रवक्ता ने कहा कि चीन अपने भारत संबंधों को दीर्घकालिक रणनीतिक दृष्टिकोण से देखता है।
इससे पहले पेंटागन ने रिपोर्ट में कहा था कि चीन कम हुए तनाव का लाभ उठाकर द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर करना चाहता है और अमेरिका-भारत संबंधों के विस्तार को रोकने का प्रयास कर सकता है।