मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच कतर से एक दुखद खबर सामने आई है। कतर के क्षेत्रीय समुद्री इलाके में रविवार तड़के एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता बताया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन और अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे। हादसे के बाद बचाव दल ने छह लोगों को बरामद किया, जिनकी मौत की पुष्टि हो चुकी है। फिलहाल लापता व्यक्ति की तलाश के लिए अभियान जारी है।
हादसे के बाद शुरू हुआ बचाव अभियान
कतर के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हेलीकॉप्टर क्रैश की सूचना मिलते ही विशेष बचाव दल को मौके पर भेजा गया। देश के क्षेत्रीय जल में व्यापक स्तर पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
यह अभियान कोस्ट्स एंड बॉर्डर्स सिक्योरिटी के जनरल डायरेक्टरेट की समुद्री तलाशी टीम और आंतरिक सुरक्षा बल के कतर इंटरनेशनल सर्च एंड रेस्क्यू ग्रुप के संयुक्त सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
लापता व्यक्ति की तलाश जारी
कतर के गृह मंत्रालय ने बताया कि हेलीकॉप्टर में सवार सात लोगों में से छह के शव बरामद हो चुके हैं। वहीं, सातवें व्यक्ति की तलाश के लिए विशेष टीमें लगातार समुद्री क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
अधिकारियों का कहना है कि बचाव अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक लापता व्यक्ति का पता नहीं चल जाता। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए भी जांच शुरू कर दी गई है।