देश-दुनिया में दिवाली का उत्साह देखने को मिल रहा है। बुधवार को हिंदू अमेरिकी समुदायों ने रोशनी का त्योहार मनाया। इस मौके पर अटलांटा के मेयर आंद्रे डिकेंस भी दिवाली के जश्न और रात्रिभोज में शामिल हुए।

अटलांटा मजबूत और बेहतर
मेयर ने कहा कि यह निर्विवाद है कि अटलांटा मजबूत और बेहतर है। हम आभारी है कि हमारे यहां कई अंतरराष्ट्रीय समुदाए हैं और लोगों ने अटलांटा को अपना घर बनाया हुआ है। दक्षिण एशियाई व भारतीय समुदाय अटलांटा की संस्कृति और अटलांटा की अर्थव्यवस्था पर अविश्वसनीय प्रभाव डालते हैं।' 

भारतीय उद्यमियों की सराहना
उन्होंने भारतीय उद्यमियों द्वारा अटलांटा की अर्थव्यवस्था में किए गए योगदान की सराहना की, जो हजारों रोजगार लेकर आए। उन्होंने नागरिक अधिकार आंदोलन में महात्मा गांधी के विशेष योगदान पर भी बात की। उन्होंने कहा,  'जिस तरह गांधी डॉ. मार्टिन लूथर किंग जूनियर के लिए मार्गदर्शक थे। मैं आप सभी को उत्सव की उज्ज्वल शाम और एक अद्भुत दिवाली उत्सव की शुभकामनाएं देता हूं।'

दिवाली मनाकर खुश
उन्होंने कहा, 'हम दिवाली मनाकर खुश हैं। सबसे महत्वपूर्ण हिंदू त्योहारों में से एक दिवाली अंधेरे पर प्रकाश की जीत का जश्न मनाता है।' इस बीच, न्यूयॉर्क राज्य के सीनेटर केविन थॉमस ने बुधवार को अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और उनके पति डग एमहॉफ के साथ दिवाली समारोह में भाग लिया।

ब्रिटेन में भी मना जश्न
पहली बार वेल्स के प्रथम मंत्री और दो सबसे वरिष्ठ मंत्री (स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था) बुधवार को कार्डिफ में भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित दिवाली समारोह में शामिल हुए। वेल्स सरकार और भारत के वाणिज्य दूतावास ने मिलकर दिवाली समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर, वेल्स के प्रथम मंत्री मार्क ड्रेकफोर्ड ने अगले वर्ष एक नई वेल्स और भारतीय आर्थिक पहल की योजना की घोषणा की।

पोंटकैना में ग्लैमरगन क्रिकेट क्लब में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए 69 वर्षीय लेबर राजनेता ने कहा कि दोनों देशों के बीच और भी अधिक अच्छे आर्थिक तथा सांस्कृतिक संबंध बनाना है। इस बीच उन्होंने अगले साल होने वाली एक योजना का भी खुलासा किया। बता दें, सेंट डेविड डे के मौके पर दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु सहित कई शहरों में अन्य कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है।