मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हादसे के समय महिला अपने पति और तीन बच्चों के साथ रिश्तेदारी में जा रही थी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, शाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव निवासी इरशाद (30) कोल्हू चलाने का काम करते हैं। गुरुवार सुबह वह अपनी पत्नी शमा परवीन (25) और तीन बच्चों अब्दुल समद (5), ईश्म (साढ़े 3 वर्ष) और ईशा (2) के साथ परसौली गांव स्थित रिश्तेदारी जा रहे थे। जैसे ही वे जौला गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।


टक्कर लगते ही शमा परवीन सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। कुछ ही देर में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीनों बच्चे भी घायल हो गए, हालांकि उनकी चोटें गंभीर नहीं बताई जा रही हैं। वहीं बाइक चला रहे इरशाद को कोई चोट नहीं आई। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए ले जाया गया।

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और सूचना पुलिस को दी गई। बुढ़ाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं भीड़ बढ़ती देख ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।


पुलिस ने उत्तराखंड नंबर प्लेट वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।