मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक बार फिर ड्रोन हमला हुआ है। इस घटना में एक भारतीय नागरिक सहित चार लोग घायल हो गए। दुबई मीडिया ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि एयरपोर्ट के आसपास दो संदिग्ध ड्रोन को रोकने की कार्रवाई की गई, इसी दौरान यह घटना हुई। हालांकि एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से जारी है।
रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने अपने क्षेत्र में अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में खाड़ी क्षेत्र के कई देशों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। इनमें संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कतर और अन्य देशों को निशाना बनाया गया, जिससे कुछ जगहों पर बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा और तेल उत्पादन भी प्रभावित हुआ है।
गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच करीब दो सप्ताह से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इस संघर्ष का असर पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में महसूस किया जा रहा है। इससे पहले भी दुबई एयरपोर्ट के आसपास और शहर के कुछ रिहायशी इलाकों में हमलों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा कि उनका देश क्षेत्र के अन्य देशों के साथ युद्ध नहीं चाहता। उन्होंने कहा कि ईरान का मकसद पड़ोसी देशों को संघर्ष में घसीटना नहीं है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस युद्ध के जिम्मेदार लोगों पर ध्यान नहीं देता, तो वैश्विक शांति और सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ सकता है।