अमेरिकी चुनाव से पहले शिकागो में चल रहे चार दिनों के डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन के दौरान सोमवार रात राष्ट्रपति जो बाइडेन की आंखें नम हो गईं. 81 साल के बाइडेन को उनकी बेटी ऐशले बाइडेन ने कन्वेंशन के दौरान इंट्रोड्यूज़ किया. इस मौके पर उन्होंने बेटी को गले लगाया तो उनकी आंखें छलक पड़ीं. कन्वेंशन के दौरान राष्ट्रपति बाइडेन ने अपनी डिप्टी कमला हैरिस को औपचारिक तौर पर डेमोक्रेटिक पार्टी की कमान सौंपी. उन्होंने कमला की तारीफ करते हुए कहा कि वो एक ऐतिहासिक राष्ट्रपति साबित होंगी. साथ ही ये भी दावा किया कि लोकतत्रं को बचाने के लिए कमला कमला से बेहतर कोई और नहीं हो सकता है.

शिकागो कन्वेंशन में दिए भाषण को राष्ट्रपति जो बाइडेन का फेयरवेल भाषण भी कहा जा रहा है. शायद यही वजह है कि जब वो स्टेज पर आए तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें एक भावुक स्टैंडिंग ओवेशन दिया. इसी साल पांच नवंबर को होने वाले अमेरिकी चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप को टक्कर देने के लिए कमला हैरिस गुरुवार को औपचारिक तौर पर प्रेजिडेंशियल नॉमिनेशन मंज़ूर कर लेंगी.

कमला हैरिस को वोट देने की अपील की

हज़ारों कार्यकर्ताओं और पार्टी के सदस्यों के सामने राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा, “क्या आप कमला हैरिस को यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका का राष्ट्रपति चुनने के लिए तैयार हैं.” बाइडेन इस मौके पर देश के लोगों से गुज़ारिश करते दिखे कि वो कमला हैरिस को वोट करें और अगले चार साल के लिए उन्हें ही चुनें.

कमला हैरिस और जो बाइडेन

इस मौके पर जो बाइडेन इमोशनल नज़र आए. उन्होंने कहा, “मैं अपने काम से प्यार करता हूं. मैं अपने देश से तो और भी ज्यादा प्यार करता हूं. हमें अपने लोकतंत्र को बचाना होगा. डोनाल्ड ट्रंप को हराने और कमला हैरिस और टिम वॉल्ट्स को अमेरिका के राष्ट्रपति और उप-राष्ट्रपति के तौर पर चुनने के लिए हमें आपकी ज़रूरत है.” उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप पर हमला बोलते हुए कहा कि 2024 में उन्हें पता चलेगा कि महिला की ताकत क्या होती है.

‘2020 में हमने बचाया लोकतंत्र’

बाइडेन ने कहा कि हमने 2020 में लोकतंत्र को बचाया था और अब हमें 2024 में ये काम एक बार फिर से करना है. उन्होंने अमेरिकियों से कहा कि देश का भविष्य अब आपके हाथ में है. उन्होंने कहा, “अमेरिका, अमेरिका, मैंने आपके लिए सबकुछ किया. मैंने अपने करियर में कई गलतियां भी कीं, लेकिन मैंने आपके लिए हर मुमकिन कोशिश की.”

उन्होंने कहा, “मैं आपसे पूछना चाहता हूं, क्या आप आजादी के लिए वोट करने को तैयार हैं? क्या आप लोकतंत्र और अमेरिका के लिए वोट करने के लिए तैयार हैं? और मैं ये भी सवाल करना चाहता हूं कि क्या आप कमला हैरिस और टिम वॉल्ट्स को राष्ट्रपति और उप-राष्ट्रपति के तौर पर चुनने के लिए तैयार हैं.”

कमला हैरिस को राष्ट्रपति बनाने की बात कहते हुए बाइडेन ने डोनाल्ड ट्रंप पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने आरोप लगाया, “डोनाल्ड ट्रंप ने चार सालों तक हर हफ्ते इफ्रास्ट्रक्चर वीक का वादा किया था. पर उन्होंने कुछ भी नहीं बनाया.” उन्होंने ट्रंप को लूज़र करार दिया. उन्होंने कहा कि साथ में हम, एक बेहतर अमेरिका बना रहे हैं.