एक रिपोर्ट में बताया गया है कि भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में करीब 40 अरब डॉलर का निवेश किया है। साथ ही इन कंपनियों ने अमेरिका में करीब 4.25 लाख नौकरियां दी हैं। एक सर्वेक्षण में इस बात का खुलासा हुआ है। अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने यह रिपोर्ट जारी की। इस दौरान भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी भी मौजूद रहे। 

क्या है रिपोर्ट में
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने 'इंडियन रूट्स, अमेरिकन सॉयल' शीर्षक एक सर्वे रिपोर्ट तैयार की है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि 163 भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में अभी तक 40 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है, जिससे देश में 4,25,000 नौकरियां पैदा हुई हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय कंपनियों ने सामाजिक दायित्व भी बखूबी निभाया है और इस पर करीब 18.5 करोड़ डॉलर खर्च किए हैं। अमेरिका में शोध और विकास परियोजनाओं पर भी इन कंपनियों ने एक अरब डॉलर की फंडिंग की है। 

अमेरिका में भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने कार्यक्रम में मौजूद भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि 'अमेरिका में भारतीय कंपनियां मजबूती, जुझारूपन और प्रतिस्पर्धा ला रही हैं। ये रोजगार पैदा कर रही हैं और स्थानीय समुदायों को समर्थन भी दे रही हैं।'

जानें किस राज्य में कितनी नौकरियां दी
सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा, 'भारतीय कंपनियों ने अमेरिकी बाजार में अपनी जुझारू क्षमता और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया है। उन्होंने यहां निवेश बढ़ाने के साथ रोजगार का भी सृजन किया है और विभिन्न क्षेत्रों में विविधीकरण किया है।' भारतीय कंपनियों द्वारा सृजित नौकरियों से लाभान्वित होने वाले शीर्ष दस राज्यों में टेक्सास (20,906 नौकरियां), न्यूयॉर्क (19,162 नौकरियां), न्यू जर्सी (17,713 नौकरियां), वॉशिंगटन (14,525 नौकरियां), फ्लोरिडा (14,418 नौकरियां), कैलिफोर्निया (14,334 नौकरियां), जॉर्जिया (13,945 नौकरियां), ओहियो (12,188 नौकरियां), मोंटाना (9,603 नौकरियां), इलिनॉयस (8,454 नौकरियां) हैं।