तेहरान। ईरान ने संयुक्त राष्ट्र को भेजे गए एक पत्र में अमेरिका के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की है। देश ने साफ कहा कि अगर उस पर कोई सैन्य हमला किया गया, तो वह तुरंत और सख्त प्रतिक्रिया देगा। इसके तहत मध्य-पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों, हथियारों और संसाधनों को निशाना बनाया जाएगा।

यूएन महासचिव और सुरक्षा परिषद को लिखे पत्र में ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिका गैरकानूनी ढंग से धमकियाँ दे रहा है। ईरान ने परिषद से तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया ताकि क्षेत्रीय तनाव और बढ़ने से रोका जा सके।

ईरान ने यह भी स्पष्ट किया कि वह युद्ध नहीं चाहता, लेकिन हमला होने पर अपने बचाव का पूरा अधिकार सुरक्षित रखता है। देश ने इस अधिकार को यूएन चार्टर के आर्टिकल-51 के तहत औपचारिक रूप से बताया।