सहारनपुर। सहारनपुर में पुलिस और एक लाख रुपये के इनामी अपराधी शहजाद के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें शहजाद को गोली लगने के बाद अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। वह लंबे समय से फरार था और पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।

पुलिस ने किया था घेराबंदी

फतेहपुर थाना क्षेत्र के गंदेवड़ा गांव निवासी शहजाद की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान शहजाद से आमना-सामना हुआ और दोनों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।

मुठभेड़ में गोली लगने के बाद शहजाद को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

हिस्ट्रीशीटर और पेशेवर अपराधी

पुलिस के अनुसार शहजाद एक हिस्ट्रीशीटर था और पेशेवर चोरी-डकैती व आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही थी।

जांच और सुरक्षा व्यवस्था

घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और गहन जांच शुरू कर दी। साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।