पश्चिम एशिया: अमेरिका और इज़राइल के हमलों के बीच ईरान भी पूरे दमखम के साथ पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन हमलों के बीच यह संघर्ष अब 15वें दिन में प्रवेश कर चुका है और पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है।
हाल ही में सऊदी अरब से एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी एयरबेस पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिसमें अमेरिकी वायुसेना के कई विमान क्षतिग्रस्त हो गए। विशेष रूप से प्रिंस सुल्तान एयर बेस को निशाना बनाया गया, जहां खड़े पांच रिफ्यूअलिंग (ईंधन भरने वाले) अमेरिकी विमान क्षतिग्रस्त हुए। हालांकि, इन विमानों को पूरी तरह नष्ट नहीं किया गया और उन्हें मरम्मत के लिए भेजा गया है। इस हमले में किसी के घायल होने या जान गंवाने की सूचना नहीं है।
पश्चिमी इराक से कुवैत तक की घटनाएँ
इससे पहले, पश्चिमी इराक में एक अमेरिकी KC‑135 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें विमान पर सवार सभी छह क्रू मेंबर की मौत हो गई। इसके अलावा, 1 मार्च को कुवैत में तीन अमेरिकी F‑15 लड़ाकू विमान फ्रेंडली फायर के कारण गिर गए, लेकिन सभी एयरक्रू सुरक्षित रहे। रिपोर्ट्स में बताया गया कि गलती से एक F‑18 विमान ने इन F‑15 विमानों को मार गिराया।
पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया पिछले 15 दिनों से युद्ध की आग में झुलस रहा है। यह संघर्ष 28 फरवरी को शुरू हुआ, जब अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर हमले किए, जिनमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई भी मारे गए। इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों और इज़राइल में अमेरिकी ठिकानों पर बमबारी की, जिससे पूरा क्षेत्र तनावपूर्ण हो गया। इस उग्र स्थिति का असर पूरी दुनिया पर महसूस किया जा रहा है।