बेरूत। इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने रविवार को लेबनान के दक्षिणी हिस्से में लिटानी नदी पर स्थित कासमिया पुल पर हवाई हमला किया। यह हमला पुल और उसके आसपास रहने वाले नागरिकों को पहले चेतावनी देने के कुछ घंटे बाद किया गया। कासमिया पुल दक्षिणी लेबनान को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला एक अहम मार्ग है।
लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी एनएनए के अनुसार, पुल पर तीन अलग-अलग हमलों में गंभीर क्षति हुई है, जिससे यह पूरी तरह से इस्तेमाल लायक नहीं रहा। चौथे हमले में पुल के आसपास बिजली के नेटवर्क, दुकानें, बाग और पार्क भी प्रभावित हुए हैं।
राष्ट्रपति ने कहा, यह लेबनान की संप्रभुता का उल्लंघन
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने इस हमले की कड़ी निंदा की और इसे देश की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे हमले स्थिति को और नाजुक बना सकते हैं और यह जमीनी हमलों की तैयारी भी हो सकती है।
राष्ट्रपति आउन ने कहा कि पुलों को निशाना बनाना दक्षिणी इलाके और देश के अन्य हिस्सों के बीच भौगोलिक संपर्क को बाधित कर रहा है। इसका असर नागरिकों की आवाजाही पर पड़ रहा है और मानवीय सहायता की पहुंच में भी रुकावट आ रही है। उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन भी बताया।
इजरायल ने पुलों को नष्ट करने का आदेश दिया
इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने कहा कि आईडीएफ को आदेश दिया गया है कि लिटानी नदी पर हिज़बुल्ला द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सभी पुलों को तुरंत नष्ट किया जाए। इसके साथ ही सीमा के निकट घरों को गिराने की कार्रवाई में भी तेजी लाई जाएगी।
काट्ज़ ने बयान में कहा, "प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और मैंने आईडीएफ को निर्देश दिया है कि आतंकवादी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होने वाले लिटानी नदी के सभी पुलों को तुरंत नष्ट किया जाए। इससे हिज़बुल्ला के आतंकवादियों और हथियारों को दक्षिण की ओर बढ़ने से रोका जा सकेगा।"
लेबनान में जमीनी अभियान बढ़ाने की चेतावनी
इजरायली सेना ने रविवार को घोषणा की कि वह हिज़बुल्ला के खिलाफ अपने जमीनी अभियान का विस्तार कर रही है, और यह अभियान लंबा चल सकता है।
लेफ्टिनेंट जनरल अयाल जमीर ने कहा कि हिज़बुल्ला के खिलाफ अभियान अभी शुरू हुआ है और सुनियोजित योजना के तहत लक्षित जमीनी हमलों को आगे बढ़ाया जा रहा है। सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने बताया कि जमीनी अभियान के विस्तार की प्रक्रिया आने वाले सप्ताह में शुरू होगी।