दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने अचानक बदलाव लेते हुए कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। दिनभर की तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को बारिश ने बड़ी राहत दी, जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया।

राजधानी के नरेला, बवाना, अलीपुर, बुराड़ी, बादली, छतरपुर, इग्नू, आयानगर और डेरामंडी सहित कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं। वहीं गुरुग्राम समेत एनसीआर के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिला।

बारिश से जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई। इससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ इलाकों में ट्रैफिक जाम भी लग गया, जिससे वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गईं।

मौसम विभाग पहले ही इस बदलाव को लेकर अलर्ट जारी कर चुका था और लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई थी।