फ्रांस में एक दर्दनाक विमान हादसे ने 11 लोगों की जान ले ली। यह दुर्घटना नैन्सी शहर के पास टॉमब्लेन क्षेत्र में हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही गृह मंत्रालय ने जांच के आदेश दिए और गृह मंत्री भी तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, यह विमान एक पैराशूटिंग ट्रेनिंग स्कूल से जुड़ा हुआ था। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया है कि विमान में सवार पायलट समेत सभी 10 यात्रियों की मौत हो गई।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान में स्काईडाइविंग के लिए जा रहा एक समूह सवार था, जो प्रशिक्षण या ट्रिप के उद्देश्य से उड़ान पर निकला था।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने टॉमब्लेन स्थित एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने की अपील की है, ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।