थाईलैंड के मशहूर टूरिस्ट डेस्टिनेशन फुकेट से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कैफे में खाना खाने के बाद चार भारतीय नागरिक अचानक बेहोश हो गए। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना की पुष्टि थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने की है, जिसने बताया कि स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

दूतावास ने क्या जानकारी दी?

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 9 मई 2026 को फुकेट में चार भारतीय पर्यटक बेहोश हो गए थे, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दूतावास ने कहा कि एक युवा भारतीय पर्यटक की मौत से उन्हें गहरा दुख हुआ है और इस कठिन समय में वे पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं। साथ ही, थाई अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है, जो मामले की जांच कर रहे हैं।

स्थानीय रिपोर्ट में क्या सामने आया?

बैंकॉक पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह फुकेट के एक कैफे में यह घटना हुई, जहां चार भारतीय पर्यटक अचानक बेहोश हो गए। सभी को तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

तीन लोगों को पटोंग अस्पताल और एक को थालांग अस्पताल ले जाया गया।

कौन-कौन थे पर्यटक?

पुलिस जांच में सामने आया है कि उस समय कैफे में कुल पांच भारतीय नागरिक मौजूद थे। उनकी पहचान कुशाग्र अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, एक अन्य राहुल अग्रवाल, अमन अग्रवाल और आर्यन वर्मा के रूप में हुई है।

रिपोर्ट के अनुसार, देर रात करीब 1:54 बजे चार लोग एक-एक कर बेहोश हो गए, जबकि आर्यन वर्मा में किसी तरह के लक्षण नहीं पाए गए।

कैफे स्टाफ ने तुरंत आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी और सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।

एक की मौत, तीन की हालत स्थिर

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कुशाग्र अग्रवाल और एक अन्य मरीज की हालत गंभीर थी और उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया था। बाद में कुशाग्र अग्रवाल की मौत की पुष्टि हुई।

फिलहाल बाकी तीन मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

जांच जारी

थाई पुलिस और फोरेंसिक टीमें इस रहस्यमयी घटना की जांच कर रही हैं। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।