जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को केंद्र शासित प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और आगामी अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। यह बैठक ‘दरबार मूव’ से ठीक पहले आयोजित की गई है, जिसके तहत 30 अप्रैल को सचिवालय जम्मू से बंद होकर 4 मई को श्रीनगर में कार्य करना शुरू करेगा।
बैठक में सेना, पुलिस, अर्धसैनिक बलों और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति, सुरक्षा तंत्र की मजबूती और यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता और संभावित चुनौतियों से निपटने की तैयारियों पर जोर दिया गया। अमरनाथ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की चूक से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही उपराज्यपाल ने ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर’ अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नशे के खिलाफ अभियान को और तेज करने, सख्त कार्रवाई करने और साथ ही जागरूकता गतिविधियों को बढ़ाने के निर्देश दिए।