दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के पूर्वी हिस्से क्लीवलैंड इलाके में हुई भीषण गोलीबारी में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
देर रात बस्ती में ताबड़तोड़ फायरिंग
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 11:10 बजे जंपर्स नामक अनौपचारिक बस्ती में गोलीबारी की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर कई शव और घायल लोग मिले। इनमें 8 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल थीं, जिन्हें मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया। बाद में एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
दो रास्तों से घुसे हमलावर, अंधाधुंध फायरिंग
पुलिस जांच में सामने आया है कि 10 से अधिक संदिग्ध एक सफेद टोयोटा क्वांटम वाहन से इलाके के पास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि हमलावर दो अलग-अलग रास्तों से बस्ती में दाखिल हुए और निवासियों पर अंधाधुंध गोलियां चलाते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने पास के पेट्रोल स्टेशन के आसपास से ही इलाके में प्रवेश किया था और वारदात को अंजाम देने के बाद उसी वाहन से फरार हो गए।
हमले की वजह अब भी साफ नहीं
फिलहाल इस हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो पाया है। किसी भी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध जानकारी को साझा करें जिससे आरोपियों तक पहुंचा जा सके।