ईरान के साथ जारी तनाव के बीच शांति वार्ता को लेकर अमेरिका की ओर से सकारात्मक संकेत मिले हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बातचीत की संभावना पर आशावादी रुख अपनाया है। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का नया दौर आने वाले 36 से 72 घंटों के भीतर पाकिस्तान में हो सकता है।

रिपोर्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कुछ पाकिस्तानी सूत्रों का हवाला देते हुए बताया गया है कि दोनों पक्ष जल्द ही तेहरान के साथ शांति वार्ता पर चर्चा शुरू कर सकते हैं। यह बातचीत शुक्रवार तक शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

ट्रंप का बयान

इस घटनाक्रम से एक दिन पहले डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया था कि ईरान के साथ चल रहा संघर्षविराम अनिश्चितकाल तक जारी रह सकता है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा था कि हालात को देखते हुए अमेरिकी सेना को पूरी तरह सतर्क रहने और सभी आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

ट्रंप ने यह भी कहा था कि संघर्षविराम तब तक जारी रहेगा जब तक उनका प्रस्ताव आगे बढ़ता है और वार्ता किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंचती।

जेडी वेंस की पाकिस्तान यात्रा टली

इसी बीच, अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की इस्लामाबाद यात्रा भी स्थगित कर दी गई है, जहां ईरानी प्रतिनिधियों के साथ संभावित शांति वार्ता प्रस्तावित थी। रिपोर्ट के अनुसार, वेंस के साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर भी मंगलवार को पाकिस्तान जाने वाले थे, लेकिन अब अमेरिकी प्रशासन ने इस यात्रा को फिलहाल टाल दिया है।