बांग्लादेश की यूनुस सरकार देश को पटरी में लाने में अभी तक नाकाम हुई है. चीन, पाकिस्तान और अमेरिका जैसे देशों से संबंध गहरे करने में उत्सुक मोहम्मद यूनुस बांग्लादेश के अंदर अपने ही देशवासियों की समस्याओं को हल नहीं कर पा रहे हैं. मंगलवार को पूरे देश की ट्रेन सेवा ठप रही, क्योंकि रेलवे कर्मचारी स्ट्राइक पर गए हैं.
बांग्लादेश रेलवे रनिंग स्टाफ और वर्कर्स एसोसिएशन पेंशन और ग्रेच्युटी बेनिफिट से जुड़ी परेशानियों की वजह से हड़ताल कर रहा है, उनकी मांग है कि उनके मूल वेतन के साथ रनिंग भत्ता भी शामिल किया जाना चाहिए. हड़ताल की वजह से यात्रियों को परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है आज सुबह से देश भर के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ देखी गई, जो अपनी मंजिल पर जाने के लिए रेल का इंतजार कर रहे थे.
क्यों कर रहे वर्कर्स हड़ताल?
बांग्लादेश रेलवे रनिंग स्टाफ एंड वर्कर्स एसोसिएशन के महासचिव मोहम्मद मुजीबुर रहमान ने कहा, “हम रनिंग स्टाफ आधी रात से हड़ताल पर हैं. नतीजतन, पूरे देश में ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं, जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जाती, हमारी हड़ताल जारी रहेगी.
नियमों के मुताबिक एक रनिंग स्टाफ सदस्य अपने मुख्यालय लौटने पर 12 घंटे या बाहर तैनात होने पर 8 घंटे आराम करने का हकदार है. यदि रेलवे संचालन के फायदे के लिए आराम के घंटों के दौरान काम करना जरूरी होता है, तो अवर टाइम का पैसा मिलता है. हालांकि, वित्त मंत्रालय की आपत्तियों के कारण रनिंग स्टाफ को कथित तौर पर इस पैसे से वंचित किया गया है, जो विवाद के प्रमुख बिंदुओं में से एक है.
टिकट के पैसे किए जाएंगे वापस
रात एक बजे से बांग्लादेश में कोई ट्रेन नहीं चली है, जिसके वजह से यात्रियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि रेलवे ने जानकारी दी है कि जिन यात्रियों की टिकट बुकिंग थी उनका पैसा रिफंड किया जाएगा.