नाइजर की राजधानी नियामी में स्थित डियोरी हमानी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार सुबह आतंकियों ने बड़ा हमला कर दिया। सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच कई घंटों तक चली मुठभेड़ में 11 सैनिकों और दो नागरिकों की जान चली गई। वहीं जवाबी कार्रवाई में 22 हमलावर ढेर कर दिए गए, जबकि करीब 20 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब छह बजे हुई। हमलावर टैक्सी के जरिए एयरपोर्ट के नजदीक पहुंचे और सुरक्षा चौकी को निशाना बनाते हुए हमला शुरू कर दिया। इसके बाद पूरे इलाके में भारी गोलीबारी हुई और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया।

अधिकारियों ने बताया कि सेना ने व्यापक तलाशी और जवाबी अभियान चलाकर दोपहर तक हालात पर नियंत्रण पा लिया। एयरपोर्ट परिसर को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया गया है और उड़ान संचालन सामान्य रूप से जारी है। हमले में चार अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है।

पांच महीने में दूसरा बड़ा हमला

यह घटना जनवरी 2026 में हुए बड़े हमले के बाद सामने आई है। उस समय इस्लामिक स्टेट से जुड़े एक संगठन ने एयरपोर्ट परिसर को निशाना बनाया था। लगातार बढ़ते सुरक्षा खतरों के बीच यह हमला नाइजर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक नई चुनौती माना जा रहा है।

रणनीतिक दृष्टि से बेहद अहम है एयरपोर्ट

डियोरी हमानी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट केवल नागरिक उड्डयन का केंद्र नहीं, बल्कि देश के प्रमुख सैन्य ठिकानों में भी शामिल है। यहां जी5 साहेल आतंकवाद-रोधी बल, रूसी सैन्य इकाइयां और ड्रोन ऑपरेशन से जुड़ी टीमें तैनात रहती हैं। इसके अलावा एयरपोर्ट परिसर में यूरेनियम का भंडारण भी किया जाता है, जिससे इसकी रणनीतिक महत्ता और बढ़ जाती है।

हाल में बढ़ाए गए थे सुरक्षा इंतजाम

सुरक्षा एजेंसियों ने हाल के महीनों में एयरपोर्ट के आसपास मौजूद अवैध बस्तियों को हटाने का अभियान शुरू किया था। अधिकारियों का मानना था कि इन इलाकों का इस्तेमाल आतंकी घुसपैठ के लिए किया जा सकता है। इसके अलावा एयरपोर्ट की परिधि दीवार को मजबूत किया गया था और निगरानी के लिए 350 से अधिक सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे।