बिहार के मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। यह हादसा बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र में सबनिमा पेट्रोल पंप के समीप हुआ, जहां उनके काफिले में शामिल कई वाहन आपस में भिड़ गए। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

मिली जानकारी के अनुसार, अनंत सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र के बादपुर गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद पटना लौट रहे थे। उनके साथ करीब 15 वाहनों का काफिला चल रहा था। बताया जाता है कि सड़क किनारे कई ट्रक खड़े थे। सबसे आगे चल रही विधायक की गाड़ी सुरक्षित निकल गई, लेकिन उसके पीछे चल रहे एक वाहन की टक्कर सड़क किनारे खड़े ट्रक से हो गई।

एक के बाद एक भिड़ीं कई गाड़ियां

पहली टक्कर के बाद पीछे से आ रही अन्य गाड़ियां समय रहते नहीं रुक सकीं और देखते ही देखते काफिले के कुल पांच वाहन आपस में टकरा गए। घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही अनंत सिंह ने अपना वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने काफिले में मौजूद लोगों की कुशलक्षेम पूछी और यह सुनिश्चित किया कि किसी को गंभीर चोट न लगी हो।

सभी सुरक्षित, वाहनों को नुकसान

करीब पांच मिनट तक घटनास्थल पर रुकने के बाद विधायक आगे के लिए रवाना हो गए। दुर्घटना में कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वाहनों की रफ्तार अधिक होती तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था। घटना के बाद अनंत सिंह के समर्थकों और क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। देर शाम तक इलाके में इस दुर्घटना की चर्चा होती रही।