शिमला। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 5 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का “खटाखट मॉडल” अब खटारा मॉडल बन चुका है और प्रदेश सरकार को जनता के हित में यह निर्णय तुरंत वापस लेना चाहिए।
जनता पर बढ़ा आर्थिक बोझ
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई यह बढ़ोतरी आम आदमी की जेब पर हमला है। उनके अनुसार, इस कदम से जनता पर सालाना 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने बताया कि पहले वैट में बढ़ोतरी और अब 5 रुपये का सेस जोड़कर कुल 15 रुपये का भार आम जनता पर डाला गया है।
कांग्रेस सरकार की नाकामी
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के सिर्फ दो महीने में ही वैट और सेस में लगातार बढ़ोतरी की गई। डीजल पर वैट बढ़ाकर 10.40 रुपए कर दिया गया, और इसके ऊपर 5 रुपये का सेस भी लगाया गया। उन्होंने इसे हिमाचल के इतिहास की सबसे असफल सरकार करार दिया, जो सिर्फ जनता को महंगाई के बोझ में डाले और हर वर्ग को ठगे जाने की स्थिति में डाल रही है।
महंगाई और कर्ज का दोहरा संकट
अनुराग ठाकुर ने कहा कि बढ़ी हुई कीमतों से ट्रक ड्राइवर, किसान और व्यापारी परेशान हैं, मगर सरकार बेसुधी की चादर ताने बैठी है। उनके अनुसार, प्रदेश में महंगाई की मार बढ़ने के पूरे संकेत हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने मात्र तीन साल में 46 हजार करोड़ का कर्ज लिया और प्रदेश का कुल कर्ज अब 1 लाख 4 हजार करोड़ तक पहुँच गया है।
सांसद ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल में अब टैक्स और कर्ज का दोहरा संकट बन चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनहित में कांग्रेस को जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने वाला यह निर्णय तुरंत वापस लेना चाहिए।