कोलकाता के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित संदेशखाली क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने मणिपुर इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मछली पालन तालाब से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए। इस कार्रवाई के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो पूर्व टीएमसी नेता शेख शाहजहां के करीबी बताए जा रहे हैं।
तालाब से मिले हथियार, कई गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ ने सबसे पहले शेख शाहजहां के तीन सहयोगियों को हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर सरबेरिया इलाके के एक खाली मकान में छापेमारी की गई, जहां से पांच हथियार बरामद हुए।
इसके बाद टीम ने मणिपुर गांव में एक अन्य स्थान पर कार्रवाई की, जहां मछली पालन के तालाब के भीतर छिपाकर रखे गए हथियारों का बड़ा जखीरा मिला। यहां से 13 अतिरिक्त हथियार और बड़ी मात्रा में कारतूस जब्त किए गए।
कुल चार गिरफ्तार, दो हिरासत में
पूरे अभियान में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य से पूछताछ जारी है। बरामद हथियारों में 10 लंबी बंदूकें और 8 छोटे हथियार शामिल हैं, साथ ही 56 जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
तालाब मालिक फरार
जांच में सामने आया है कि जिस तालाब से हथियार मिले, वह पूर्व टीएमसी क्षेत्रीय अध्यक्ष रॉबिन दास और उनके भाई गोपाल दास के नाम पर है। छापेमारी की जानकारी मिलते ही दोनों फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
शेख शाहजहां के नेटवर्क की जांच
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि शेख शाहजहां इस पूरे नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है और हथियारों का उपयोग आपराधिक गतिविधियों में किया जाता था। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।