पांच राज्यों के हालिया विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रमुख क्षेत्रीय नेताओं से संपर्क साधा। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन और तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) के प्रमुख विजय से फोन पर बातचीत कर चुनाव नतीजों पर चर्चा की।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी ने सभी नेताओं के साथ चुनाव परिणामों को लेकर विचार-विमर्श किया। साथ ही उन्होंने तमिलनाडु में टीवीके के प्रदर्शन के लिए विजय को बधाई भी दी। इस चुनाव में जहां पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को भाजपा से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, वहीं तमिलनाडु में डीएमके के सामने टीवीके एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरी है। कांग्रेस ने बंगाल में अकेले चुनाव लड़ा, जबकि तमिलनाडु में डीएमके के साथ गठबंधन में थी।

उधर, केरल में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की जीत पर राहुल गांधी ने जनता का आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश साझा करते हुए कहा कि राज्य के लोगों ने स्पष्ट और मजबूत जनादेश दिया है। राहुल गांधी ने यूडीएफ के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को उनके संगठित और मेहनती चुनाव अभियान के लिए बधाई दी।

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि केरल में अपार संभावनाएं हैं और नई सरकार एक सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ राज्य को आगे बढ़ाने का काम करेगी। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वह जल्द ही केरल का दौरा कर लोगों से मुलाकात करेंगे।