बिहार के रोहतास जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-319 पर सोमवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया गांव के पास हुए इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शादी समारोह से लौट रहा पूरा परिवार शोक में डूब गया।

जानकारी के मुताबिक, सभी लोग एक तिलक समारोह में शामिल होकर चेनारी थाना क्षेत्र के लोधी गांव से लौट रहे थे। देर रात पिकअप और बस से गांव के पास पहुंचने के बाद कुछ लोग वाहन से उतरने की तैयारी कर रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि पांच लोग ट्रक और वाहनों के बीच दबकर मौके पर ही दम तोड़ बैठे।

मृतकों की पहचान करगहर के भगवानपुर गांव निवासी रामव्रत सिंह, मठिया गांव के अशोक सिंह, पिंटू सिंह और रजनीश कुमार के रूप में हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सभी मृतक एक ही परिवार और रिश्तेदारी से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलने पर दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया और ट्रक समेत सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया है।