मुजफ्फरनगर। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की जीत की खबर आते ही मुजफ्फरनगर में कार्यकर्ताओं ने जोरदार उत्सव मनाया। शहर के प्रमुख शिव चौक पर भाजपा नेताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, नारों और आतिशबाजी के साथ खुशी जताई।

जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और सड़कों पर नाचते नजर आए। पूरे क्षेत्र में “भारत माता की जय” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा।
प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान भी कार्यक्रम में शामिल हुए। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं के बीच झालमुड़ी वितरित कर खुशी साझा की।

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्र सरकार की नीतियों और जनता के भरोसे का परिणाम है।
कार्यक्रम के दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शिव चौक पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। शहर कोतवाली, नई मंडी, सिविल लाइन, खालापार और सिखेड़ा थाना पुलिस के जवान मौके पर मौजूद रहे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन की जीत है, जो आने वाले समय में पार्टी को और मजबूत करेगी।