आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ले जिले में मंगलवार सुबह एक औद्योगिक इकाई में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह हादसा दक्षिण एनर्जी के प्लांट में हुआ, जहां आग की चपेट में आने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य कर्मचारियों के अब भी परिसर में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान त्रिनाथ और वेंकटेश के रूप में हुई है। दोनों अच्युतापुरम क्षेत्र के निवासी थे और संबंधित यूनिट में कार्यरत थे। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। हालांकि घटना के बाद बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्लांट में प्लास्टिक आधारित सामग्री बड़ी मात्रा में मौजूद थी, जिसके कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। दक्षिण एनर्जी कंपनी प्लास्टिक पायरोलिसिस ऑयल और कार्बन ब्लैक के उत्पादन का कार्य करती है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद विशेषज्ञों और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम घटनास्थल का निरीक्षण करेगी और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में विशाखापत्तनम और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में कई बड़े हादसे सामने आ चुके हैं, जिससे औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।