मुंबई। महाराष्ट्र के पिंपरी इलाके के मोरवाड़ी स्थित एक रिहायशी सोसाइटी में लिफ्ट के पास थूकने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद गंभीर हिंसा में बदल गया। यह घटना 10 जून की बताई जा रही है, जिसमें एक कपल पर महिला और एक नाबालिग द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, लिफ्ट के पास थूकने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। इसी दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि एक महिला और एक नाबालिग ने चाकू से कपल पर हमला कर दिया, जिसमें पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

CCTV में कैद हुआ हमला

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि नाबालिग हाथ में चाकू लेकर कपल पर हमला करता है। शोर सुनकर आसपास के फ्लैटों से लोग बाहर आ जाते हैं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने महिला और नाबालिग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नाबालिग से पूछताछ जारी है।

दोनों पक्षों ने लगाए आरोप

इस मामले में गिरफ्तार महिला के पति की ओर से भी पलटवार करते हुए शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि पीड़ित पक्ष ने लंबे समय से परिवार को मानसिक रूप से परेशान किया और कई बार उनके घर में जबरन घुसपैठ की गई।

इसके अलावा यह भी दावा किया गया है कि पीड़ित परिवार ने महिला के 17 वर्षीय बेटे के साथ मारपीट की, जिससे तनाव और बढ़ गया। पुलिस अब पूरे मामले की दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है।